
रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रांची पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा है। रांची हवाई अड्डे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक और उत्साहपूर्ण तरीके से उनका भव्य स्वागत किया।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, नितिन नवीन एयरपोर्ट से सीधे रवाना होकर सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जननायक कर्पूरी ठाकुर और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर जाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। महापुरुषों को नमन करने के बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
अपने इस दो दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने तथा जनसंपर्क अभियान को व्यापक बनाने के उद्देश्य से आयोजित कई बैठकों और संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके अतिरिक्त, वे झारखंड के पार्टी पदाधिकारियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों (सांसदों व विधायकों) के साथ भी विशेष बैठकें करेंगे। आगामी राजनीतिक और सांगठनिक रणनीति को धार देने के लिहाज से उनका यह दौरा झारखंड भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नितिन नवीन के इस दौरे को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से सभी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस मंथन में कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष का बहुमूल्य मार्गदर्शन मिलेगा। उनके द्वारा तय किए गए रोडमैप के आधार पर ही राज्य में पार्टी आगे की चुनावी और सांगठनिक रणनीतियों पर काम करेगी।
