नई दिल्ली । भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को पार्टी ने चुनाव प्रभारी और सह प्रभारियों का एलान किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार में प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल को प्रदेश चुनाव सह-प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रदेश चुनाव सह-प्रभारी बनाया गया है।
केशव प्रसाद मौर्य को सह प्रभारी बनाने के पीछे पार्टी की एक खास रणनीति है. उनकी नियुक्ति बिहार के वोटबैंक को एकजुट करने की सधी हुई रणनीति का हिस्सा है, लेकिन इसके पीछे कई राजनीतिक समीकरण छिपे हैं. केशव प्रसाद मौर्य खुद OBC समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. उत्तर प्रदेश में वे OBC का प्रमुख चेहरा बने हुए हैं। 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में उनकी भूमिका अहम रही। उन्होंने गैर-यादव वोटों को NDA की ओर मोड़ने में सफलता हासिल की।

इसके साथ ही भाजपा ने अगले साल होने वाले तमिलनाडु चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ सहकारिता और उड्डयन मंत्रालय में राज्यमंत्री का पद संभाल रहे मुरलीधर मोहोल को सह-प्रभारी बनाया गया है। पार्टी ने केंद्रीय पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रभारी बनाया है, जबकि सांसद बिप्लब कुमार देव को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि बिहार में इसी साल के अंत में चुनाव होने हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में 2026 के मध्य में चुनाव कराए जाने हैं। भाजपा ने इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version