
रांची। विधायक सीपी सिंह के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय में डीजीपी अनुराग गुप्ता से मुलाकात की। रांची के कांके में भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड के मुख्यारोपित को गिरफ्तार करने और अलग-अलग स्थानों में बड़ी आपराधिक घटनाओं को लेकर डीजीपी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने विधि व्यवस्था पर भी सवाल उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि झारखंड में अपराधी बेलगाम हैं। संगठित अपराधियों में पुलिस का भय खत्म हो चुका है। इस वजह से लोगों का विश्वास पुलिस पर से उठता जा रहा है। सीपी सिंह ने कहा कि रांची जिले में दिनदहाड़े हत्या, चोरी डकैती,दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं। हाल में ही कांके में भाजपा नेता अनिल टाइगर महतो की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक अपराधी के पकड़े जाने के बाद भी मुख्य आरोपित अबतक नहीं पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि ठीक घटना के दूसरे दिन ही रवि स्टील में भूपल साहू की गला रेत कर हत्या कर दी गई। विधायक ने बताया कि डीजीपी ने बताया है कि अनिल महतो हत्याकांड का अनुसंधान चल रहा है जल्द ही अपराधी का खुलासा कर दिया जाएगा।
राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने इस बात पर चिंता जताई कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं खासकर भाजपा के कार्यकतार्ओं को निशाना बनाया जा रहा है। इन सारी बातों से डीजीपी को अवगत कराया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पुलिस उनकी मांगों को गंभीरता से लेगी और आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएगी।
