
रांची। पलामू जिले की हुसैनाबाद पुलिस ने झारखंड और बिहार में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों के पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य करीब तीन वर्षों से विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचते थे।



हुसैनाबाद के एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गिरोह के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में 12 अक्टूबर की रात बराही धाम जाने वाले रास्ते पर वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ा गया। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दंगवार स्कूल मैदान में छापेमारी की और दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र निवासी ऋषु कुमार (19), अभिषेक कुमार (19) और आयुष कुमार (18) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित हुसैनाबाद, अंबा, टंडवा, नवीनगर, कुटुंबा और औरंगाबाद समेत झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और चोरी की अन्य घटनाओं का पता लगाने में जुटी है।

