
पटना,। बिहार के सारण जिले के सोनपुर में गंगा और गंडक के संगम तट पर लगने वाला विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र (सोनपुर मेला) रविवार से शुरू होगा।यह एक महीने तक यानी 10 दिसंबर तक चलेगा। सारण प्रमंडल के आयुक्त राजीव रोशन इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक पंडाल, नखास क्षेत्र में शाम 5 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक निलेश कुमार उपस्थित रहेंगे। वहीं, सारण के जिलाधिकारी अमन समीर, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष सहित अन्य वरीय अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
हरिहर क्षेत्र का यह मेला न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश और दक्षिण एशिया के प्राचीनतम मेलों में से एक माना जाता है। इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक पृष्ठभूमि अत्यंत समृद्ध है। कहा जाता है कि भगवान विष्णु के हरि और भगवान शिव के हर का संगम स्थल होने के कारण इस स्थान का नाम हरिहर क्षेत्र पड़ा। इसी पवित्र भूमि पर यह मेला सदियों से आस्था, संस्कृति और व्यापार का संगम बना हुआ है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, इसी स्थान पर गज (हाथी) और ग्राह (मगरमच्छ) के बीच हुए युद्ध में भगवान विष्णु ने गज की रक्षा की थी। इसी कारण इस क्षेत्र को विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त है। हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां लाखों श्रद्धालु गंगा और गंडक नदी के संगम में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित करते हैं और मेले का आनंद लेते हैं। हालांकि, इस बार विधानसभा चुनाव के कारण मेला की तिथियों में बदलाव किया गया है।
