
पटना। समस्तीपुर के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को श्रीलंका के दांबुला में खेले गए भारत-श्रीलंका (ट्राई-सीरीज) के खिताबी मुकाबले में मात्र 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ कीर्तिमान गढ़ दिया। यह 50 ओवर के लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक रहा। वैभव की 29 गेंदों में खेली 94 रन की पारी और समस्तीपुर के अनुकूल राय के हरफनमौला खेल (36 रन और दो विकेट) की बदौलत भारत ए ने श्रीलंका ए को 66 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता जीत ली। भारत ए ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 377 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ए 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई।
टास जीतकर श्रीलंका ए ने भारत ए को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। प्रियांश आर्या के साथ उतरे वैभव ने पिछली कुछ पारियों में दिखाए धैर्य को विस्फोटक अंदाज में परिवर्तित किया। तेज-तर्रार चौके और गगनचुंबी छक्के लगाते हुए श्रीलंका ए की गेंदबाजी को बेपटरी करना शुरू किया। 324 की स्ट्राइक रेट से 94 रन की पारी में उन्होंने चौकों और छक्कों से 88 रन बनाए। मात्र छह रन दौड़कर पूरे किए।
प्रियांश आर्य के 39, ऋतुराज गायकवाड़ के 40, कप्तान तिलक वर्मा के 67, कुमार कुशाग्र के 36, विप्रज निगम के 27 और अनुकूल राय के 15 गेंद में एक चौके और चार छक्के की मदद से बनाए 39 रन की बदौलत भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 377 रन बनाए।
जवाब में श्रीलंका की टीम 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। भारत ए की तरफ से यश ठाकुर एवं विप्रज निगम ने तीन-तीन विकेट लिए।
नौ ओवर में 42 रन देकर समस्तीपुर के अनुकूल राय ने दो और अशोक शर्मा एवं तिलक वर्मा ने एक-एक बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
फटाफट खेल चमके वैभव : इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के एक सत्र में 72 छक्के जड़ने का कीर्तिमान बनाते हुए प्रतियोगिता में सबसे अधिक 776 रन बनाने वाले वैभव के लिए भारत-श्रीलंका ट्राई सीरीज की शुरूआत अच्छी नहीं रही। पहले मुकाबले में श्रीलंका ए के खिलाफ वे 12 गेंद खेलकर 14 रन पर पवेलियन लौट गए। दूसरे मैच में अफगानिस्तान के सामने अर्धशतक से चूकते हुए 44 पर आउट हो गए। इसके बाद 21 और 38 रन बनाकर वैभव ने प्रशंसकों को थोड़ा निराश किया। बड़े मैच में बड़ी पारी का परिचय देते हुए वैभव ने फिर अपने फटाफट अंदाज में वापसी की।
उनकी 94 रनों तूफानी पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। ट्राई सीरीज में वैभव ने पांच मैच में 211 रन बनाए। प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 29 चौके और 11 छक्के लगाए।
