पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में बिहार में ईको टूरिज्म के समग्र विकास को लेकर समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्यटकों के लिए ट्रैकिंग रूट, बेसिक माउंटेनियरिंग एवं राॅक क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में ईको टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए उनका पर्यटन की दृष्टि से बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए।

रोजगार और स्‍वरोजगार के अवसर होंगे व‍िकस‍ित : ईको टूरिज्म के विकास से पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ईको टूरिज्म की योजनाओं में पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन और पर्यटकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि वन, सिंचाई, पर्यटन सहित संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए बिहार के प्राकृतिक स्थलों को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करें।

क्षमता का आकलन कर चरणबद्ध तरीके से करें व‍िकास : पर्यटन स्थलों की व्यापक ब्रांडिंग करते हुए देश-विदेश के पर्यटकों को बिहार की प्राकृतिक एवं पर्यटन संभावनाओं से परिचित कराने की कार्ययोजना तैयार करें। जिन प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का वर्तमान में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है, उनकी क्षमता का आकलन कर चरणबद्ध तरीके से विकास किया जाए। स्थानीय विशेषताओं एवं उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के अनुरूप योजनाएं तैयार कर ईको टूरिज्म को बिहार की पर्यटन अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बनाया जाए।

सुविधाओं पर चल रहा कार्य : इससे पहले पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि राज्य के प्राकृतिक एवं वन क्षेत्रों, जलाशयों, पहाड़ी क्षेत्रों तथा अन्य पर्यटन स्थलों को विकसित कर पर्यटकों के लिए आकर्षक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर कार्य किया जा रहा है। विभिन्न प्राकृतिक स्थलों एवं जलाशयों पर वेलनेस सेंटर, हाट स्प्रींग, सफारी, एडवेंचर स्पोर्ट्स, योग ग्राम, पिकनिक स्पाट, स्वीमिंग पुल, हेलीपैड, कल्चर प्रोग्राम एवं कल्चरल कैंप जैसी सुविधाएं विकसित की जाएगी।

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यावरण, जल संसाधन विभाग के सचिव चन्द्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version