
पटना। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कटिहार जिले के कदवा विधानसभा सीट से विधायक शकील अहमद खान के इकलौते बेटे अयान खान ने आत्महत्या कर ली है। यह घटना पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर घटी। अयान की उम्र महज 18 साल थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। सचिवालय डीएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कुछ दिनों पहले ही राहुल गांधी के बिहार दौरे के दौरान विधायक शकील अहमद खान ने अपने बेटे अयान को राहुल गांधी से मिलवाया था। इस दौरान अयान ने राहुल गांधी को कुछ दस्तावेज भी सौंपे थे। इस मुलाकात के बाद किसी ने नहीं सोचा था कि इतनी दुखद घटना घटित होगी।
