
पटना। राजद की महिला चेहरा रहीं रितु जायसवाल अब भाजपा में होंगी शामिल। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की। रितु जायसवाल 26 मई को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगी। उन्होंने बताया कि दोपहर 12:19 बजे से 1:09 बजे के बीच उनका जॉइनिंग कार्यक्रम होगा, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता उन्हें सदस्यता दिलाएंगे। भाजपा में शामिल होने की घोषणा के साथ रितु जायसवाल ने राजनीतिक संदेश के अलावा सादगी और पर्यावरण संरक्षण का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने समर्थकों से कार्यक्रम में अनावश्यक भीड़ और लंबे काफिले के साथ नहीं आने की अपील की।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि देश संवेदनशील दौर से गुजर रहा है और प्रधानमंत्री द्वारा ऊर्जा एवं ईंधन बचत पर दिए जा रहे जोर को देखते हुए दिखावे की राजनीति उचित नहीं है।
उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन और शेयरिंग वाहन के इस्तेमाल की अपील की। रितु ने लिखा कि उनके लिए राजनीति ‘प्रदर्शन नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का माध्यम’ है।
रितु जायसवाल और राजद के बीच दूरी विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान ही साफ हो गई थी। मुखिया दीदी के नाम से चर्चित रितु पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष थीं और 2020 में परिहार सीट से बेहद कम अंतर से चुनाव हारी थीं।
