
रांची। झारखंड की बड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनी मेसर्स रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड व इससे जुड़ी दस कंपनियों से जुड़े पांच ठिकानों पर आयकर विभाग ने गुरुवार की सुबह करीब दस बजे छापेमारी शुरू की है। ये ठिकाने झारखंड, बिहार व गुरुग्राम में हैं। आयकर विभाग के 200 अधिकारी व जवान इस छापेमारी में जुटे हैं।
जिन ठिकानों पर छापेमारी चल रही है उनमें रांची के कचहरी रोड के पंचवटी प्लाजा में फ्लैट नंबर 702 स्थित रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय, बिहार के बेगुसराय के कृष्णा नगर स्थित कंपनी का कार्यालय व हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 54 में 308 व 309 सनसिटी के शापिंग आर्केड स्थित कारपोरेट कार्यालय आदि शामिल हैं।
जिन कंपनियों के विरुद्ध छापेमारी चल रही है उनमें मेसर्स रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन (आरकेएससी), आयुष श्रेयस प्रापर्टी प्राइवेट लिमिटेड (एएसपीपीएल), आरकेएससीपीएल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (आरआइपीएल), आरकेएससीपीएल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड (आरपीपीएल) आदि कंपनियां शामिल हैं।
आयकर विभाग को सूचना मिली है कि इस कंस्ट्रक्शन कंपनी व इसकी सहयोगी कंपनियों ने मिलकर बड़ी टैक्स चोरी की है। अघोषित आय व बेनामी संपत्तियां भी बनाई है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण, दस्तावेज आदि की बरामदगी हुई है।
