
रांची। JPSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितता के मामले में पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। मुंबई से अरुण शर्मा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर रांची लाया गया है। रांची से जुड़े एक अन्य मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे सोमवार को मुंबई से रांची पहुंचाया।
जांच एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, अरुण शर्मा पर भी JPSC परीक्षाओं में गड़बड़ी में शामिल होने का आरोप है। हालांकि, उसका कनेक्शन मुख्य आरोपी एजेंसी TDPL से सीधे तौर पर नहीं बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अरुण शर्मा परीक्षा संचालन प्रक्रिया से जुड़ी एक दूसरी आउटसोर्स एजेंसी से संबंधित है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर परीक्षा प्रक्रिया में उसकी भूमिका और कथित अनियमितताओं से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
अरुण शर्मा की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों की नजर अब परीक्षा संचालन से जुड़ी दूसरी आउटसोर्स एजेंसी की भूमिका पर भी है। पुलिस उसके नेटवर्क, परीक्षा प्रक्रिया में जिम्मेदारी और कथित अनियमितताओं से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है। पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

