
पटना। भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री अक्षरा सिंह (Akshara Singh) के मोबाइल पर काल कर गाली-गलौज करने और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में थाना क्षेत्र के विजय सिंह यादव पथ निवासी अभिनेत्री अक्षरा ने दानापुर थाने में लिखित शिकायत की है। पुलिस दिए गए मोबाइल नंबर की छानबीन में जुट गई है।
थाने में दिए आवेदन में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने उल्लेख किया है कि 11 नवंबर की देर रात लगभग 12:20 व 12:21 पर दो अलग-अलग नंबर से कॉल आई। रिसीव करते ही उधर से गाली गलौज की गई। इसके बाद कॉल करने वाले ने धमकाया कि अगर दो दिन में 50 लाख रुपये रंगदारी नहीं दी तो हत्या कर दी जाएगी। थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने आवेदन देकर रंगदारी व हत्या की धमकी की शिकायत की है। मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही कॉल करने वाले का पता कर लिया जाएगा।
