पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। लालू यादव के नेतृत्व में डैमेज कंट्रोल अभियान शुरू हो गया है। वैसे नाराज नेता की सूची बना ली गई है, जिनका राजनीति में एक खास दबदबा है। इसकी शुरूआत सीवान के सांसद रहे शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब से हुई। वैसे इस कड़ी में कई और नेता शामिल हैं, जिन्हें घर वापसी के लिए मनाए जाने का प्रयास किया जाना है।

जानकारी के अनुसार कल दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब से राजद सुप्रीमो के साथ उनके छोटे बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी मुलाकात की। यह मुलाकात राजद के विधायक विनोद जायसवाल के आवास पर हुई। जाहिर है विनोद जायसवाल ने यहां मध्यस्थता कर सुलह कराने की कोशिश की। दरअसल, हिना के निर्दलीय चुनाव लड़ने से न केवल सीवान लोकसभा से हाथ धोना पड़ा, बल्कि इसको लेकर सीवान के साथ-साथ छपरा, गोपालगंज के साथ मुस्लिम वर्ग में दिवंगत नेता शहाबुद्दीन के समर्थक भी नाराज थे। इसका असर आगामी विधान सभा के कई चुनाव पर पड़ सकता है।

शहाबुद्दीन के निधन के बाद उनके परिवार के लालू फैमिली से रिश्ते अच्छे नहीं रहे थे। इस खुन्नस में हिना शहाब लोकसभा चुनाव 2024 में राजद उम्मीदवार अवध बिहारी चौधरी के विरुद्ध चुनावी जंग में उतर गईं।

इस मुलाकात के बाद लालू यादव और तेजस्वी यादव के खुशमिजाज बनकर निकलने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि डैमेज कंट्रोल मिशन सफल हो गया है। गर ऐसा हुआ तो सीवान और उसके आसपास के जिलों में मो शहाबुद्दीन का असर राजद सुप्रीमो के अभियान को सफल बनाएगा। ऐसे में विधानसभा चुनाव की लड़ाई बड़ी दिलचस्प हो जाएगी और इस क्षेत्र में जेडीयू की मुश्किलें बढ़ सकती है।

हालांकि लोकसभा का चुनाव सीवान से हिना हार गईं थी। लेकिन उन्होंने अच्छा खासा वोट हासिल किया। इस लोकसभा चुनाव में सीवान विधान सभा से 61344 मत, जीरदेई विधान सभा से 40845 मत, दरौली विधान सभा से 32116 मत, रघुनाथपुर से 60854 मत, दरौंदा से 40176 मत और बड़हरा विधान सभा सीट पर 57746 मत मिले।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आगामी विधान सभा चुनाव को जीत की जंग में बदलने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस क्रम में अभी कई जनप्रतिनिधि ऐसे हैं जो लालू प्रसाद के जिताऊ उम्मीदवार थे पर अब उनके साथ नहीं हैं। लालू प्रसाद अब उन्हें साथ लाने की मुहिम में जुट गए हैं। इस कड़ी में सूर्यगढ़ विधायक प्रह्लाद यादव, सांसद रहे बुलू मंडल, पूर्व मंत्री देवेंद्र यादव, मोकामा विधायक नीलम देवी भी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version