
रांची। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके कुछ करीबी अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाया है। मरांडी ने कहा है कि विश्वसनीय सूत्रों से उन्हें जानकारी मिली है कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराने और उन्हें डराने की साजिश रची जा रही है।



उन्होंने कहा कि उन्होंने शराब घोटाले, खनन माफिया, जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षा घोटाले और ग्रामीण योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार को लगातार उजागर किया है। इसके चलते मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी अब निजी दुश्मनी निकालने पर उतारू हैं।
बाबूलाल ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब उन्हें चुप कराने की कोशिश की गई हो। इससे पहले शिकारीपाड़ा क्षेत्र में उन पर उग्रवादी हमले की साजिश रची गई थी, जिसके बाद केंद्र सरकार ने उन्हें सीआरपीएफ सुरक्षा मुहैया कराई थी।
अब फिर से उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराए जा रहे हैं और चरित्र हनन का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि वह हर साजिश का डटकर सामना करेंगे और जनहित के मुद्दों को उठाना बंद नहीं करेंगे।

