बलरामपुर । हिंदू युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर या डरा धमकाकर धर्मांतरण कराने वाले उतरौला के मधपुर गांव में जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की कोठी पर बुलडोजर एक्शन जारी है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रशासन ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर वर्ष 2022 में बनाई गई, इस कोठी के हिस्से पर बुलडोजर चला दिया। बुधवार को भी कार्रवाई इसी तरह से जारी है। कई थानों की फोर्स व बुलडोज़र लगाकर आज भी कार्रवाई की जाएगी। जिससे मकान का जितना हिस्सा सरकारी बंजर जमीन पर बना हुआ है उसे गिराया जा सके।

बताया जाता है कि मंगलवार सुबह कार्रवाई की शुरुआत गैस कटर से मुख्य गेट का ताला काटने से हुई जिसके बाद परिसर में अधिकारियों ने प्रवेश किया। जलालुद्दीन के साथ रहने वाली नीतू नवीन रोहरा उर्फ नसरीन के नाम पर दर्ज करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तीन बीघे जमीन में बनी 40 कमरों वाली कोठी को गिराने के लिए पहले तीन बुलडोजर लगाए गए, लेकिन अधिक समय लगता देख सात बुजडोज़र और मंगाए लिए गए। यह पूरा परिसर करीब 11 बीघे जमीन में बना है, जिसमें डिग्री कालेज का भी निर्माण कराया जा रहा है।

योगी बोले- देंगे कठोर सजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट पर छांगुर बाबा को जलाउद्दीन नाम से संबोधित करते हुए लिखा कि “हमारी सरकार बहन-बेटियों की गरिमा और सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जलालउद्दीन की गतिविधियां समाज विरोधी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र विरोधी भी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी। आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और उन पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। राज्य में शांति, सौहार्द और महिलाओं की सुरक्षा को भंग करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्हें कानून के अनुसार ऐसी सजा दी जाएगी, जो समाज के लिए एक उदाहरण बने।”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version