औरंगाबाद । आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत नीति आयोग के द्वारा जारी की गई रैंकिंग में वर्ष 2023 के नवंबर महीने में औरंगाबाद जिले को प्रथम स्थान मिला है। इसके तहत औरंगाबाद जिले को 10 करोड़ रुपए पुरस्कार स्वरूप मिलेंगे। यह राशि विभिन्न विकास कार्यों में खर्च की जा सकेगी।

डीएम श्रीकांत शास्त्री ने बताया कि नीति आयोग के द्वारा 112 जिलों को आकांक्षी जिला कार्यक्रम में शामिल किया गया है। ऐसे जिले जो विकास के मानक पर पिछड़े हुए थे, उन्हें आकांक्षी जिला कार्यक्रम में शामिल किया गया था। इसमें औरंगाबाद भी शामिल है। इन जिलों की डेल्टा रैंकिंग प्रत्येक महीने निर्धारित की जाती है। स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास के लिए निर्धारित संकेतकों में प्राप्त अंक के आधार पर रैंकिंग तय की जाती है।

वर्ष 2023 में नवंबर महीने में औरंगाबाद जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर डेल्टा रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके आलोक में नीति आयोग के द्वारा 10 करोड रुपए की राशि औरंगाबाद जिले को प्रदान की गई है। इस पुरस्कार राशि के आलोक में एक कार्य योजना बनाकर उसे स्वीकृति के लिए नीति आयोग को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद विकास कार्यों का क्रियान्वयन कराया जाएगा। विदित हो कि इससे पहले भी औरंगाबाद जिले को आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत करोड़ों रुपए की राशि मिली थी। इस राशि से विभिन्न तरह के भवन, सड़क, चेक डैम, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र आदि का निर्माण कार्य हुआ है। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए औरंगाबाद के डीएम, एसपी और डीएफओ की एक कमेटी बनाई गई थी। इस कमेटी के द्वारा ही विकास कार्यों का चयन और उसे अनुमोदन प्रदान किया जाता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version