
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात में दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान (एफजेड-1073) को हाईजैक कर बुधवार को क्रैश कराने की कोशिश हुई। काकपिट में ओमानी को-पायलट के हमले के बाद भारतीय पायलट स्मित मछार की सूझबूझ और बहादुरी से 174 यात्रियों (27 बच्चे शामिल) की जान बच गई। भारतीय पायलट पर चाकू से हमले के बाद को-पायलट ने विमान को क्रैश कराने की कोशिश की थी। इस दौरान इजरायली यात्री भी वहां पहुंच गए और उन्होंने हमलावर पर काबू पाने में मदद की। विमान अपहरण की आशंका के चलते इजरायल ने अपने लड़ाकू विमान रवाना कर दिए थे। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग की।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना को ‘सुरक्षा से जुड़ी बेहद गंभीर घटना’ बताते हुए एक बयान में कहा, ‘उड़ान के दौरान जब वे इजरायल के करीब पहुंच रहे थे, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू मार दिया और ऐसा लगता है कि उसने यात्रियों के साथ विमान को क्रैश करने की कोशिश की।’ उन्होंने यात्रियों के हवाले से बताया कि जब विमान गोता लगाने लगा तो यात्रियों और क्रू के एक सदस्य ने काकपिट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने देखा कि को-पायलट विमान के सिस्टम को खराब करने की कोशिश कर रहा था।
उन्होंने चाकू मारने वाले पायलट को काबू में कर लिया। इसके बाद एक और चालक दल सदस्य काकपिट में आया और विमान को स्थिर करने में मदद की। इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी यात्री खतरे से बाहर हैं। चाकू मारने वाले पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जानें बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को रोका।’
नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और प्रधानमंत्री ने इजरायल आने वाले इजरायली व गैर-इजरायली विमानों की कड़ी सुरक्षा के आदेश भी जारी किए हैं। ‘फ्लाइट ट्रैकिंग’ के अनुसार, दुबई से उड़ान भरने के लगभग ढाई घंटे बाद विमान ने इमरजेंसी अलर्ट भेजा। इस दौरान विमान 30 सेकेंड में 33,000 फीट से 17,000 फीट नीचे आ गया। तबुक के प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बताया कि विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8:44 बजे डिस्ट्रेस काल की। इसके बाद उसने जार्डन की सीमा के पास अजीब तरह से चक्कर लगाया और लगभग एक घंटे बाद सुबह 9:45 बजे तबुक में उतर गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो फुटेज में दो लोग विमान के फर्श पर खून से लथपथ जख्मी हालत में दिख रहे हैं। दो लोग उन्हें आपात चिकित्सा देते हुए दिख रहे हैं, जबकि दो अन्य काकपिट की रखवाली कर रहे हैं।
इस दौरान एक व्यक्ति हिब्रू भाषा में कहता है, ‘हम पायलट की सुरक्षा कर रहे हैं।’ एक यात्री जविका मानेस ने कहा, ‘मैंने कथित हमलावर को काबू में करने में मदद की। मैं खून से लथपथ हूं। यह पागलपन था।’ उसने बताया कि उसकी पत्नी ने उसके व अन्य लोगों के हस्तक्षेप करने से पहले काकपिट के पास चीख-पुकार सुनी थी। एक अन्य वीडियो में विमान के हिलने पर यात्री रोते और घबराहट में चिल्लाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यात्रियों ने फोन पर इजरायल के चैनल-12 को बताया कि उन्होंने विमान के अगले हिस्से में बैठे लोगों की चीखें भी सुनीं, जिन्होंने पायलटों के बीच बहस सुनी थी और सऊदी अरब में उतरने से पहले विमान तेजी से नीचे की ओर आया था।
तबुक एयरपोर्ट के बयान के अनुसार, विमान के कैप्टन व को-पायलट घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यात्रियों को भी चिकित्सा सहायता दी गई।
‘फ्लाईदुबई’ ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘हमारी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं।” फ्लाईदुबई, एमिरेट्स एयरलाइंस की कम लागत वाली सहायक एयरलाइन है।
एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। प्रवक्ता ने कहा, ‘इस घटना के पीछे के कारण और मकसद अज्ञात हैं और ये औपचारिक जांच का विषय हैं। जल्दबाजी में कोई अनुमान न लगाएं।’

