
रांची। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के लीज क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, परिवहन व भंडारण मामले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने कोयला माफिया अनूप माझी उर्फ लाला सिंडिकेट से जुड़ी 136.44 करोड़ की संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त की है।



जब्त संपत्ति में दो होटल सह रिसार्ट, जिसमें पुरुलिया की गढ़ पंचकोट इको टूरिज्म व बांकुड़ा की बिहारीनाथ इको टूरिज्म, कोलकाता में दो संपत्ति, कागजी कंपनियों के बैंक खाते में पड़ी राशि, माझी के परिवार के सदस्यों के नाम पर शेयर व म्युचुअल फंड में निवेश शामिल हैं।
इससे पूर्व में भी ईडी ने अनूप माझी उर्फ लाला से जुड़ी 678.64 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी। इस प्रकार, इस नई जब्ती के साथ ही ईडी ने अनूप माझी व उसके सिंडिकेट से जुड़ी 815.08 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति अब तक जब्त कर ली है। ईडी ने जब्ती नोट में उल्लेख किया है कि उक्त संपत्ति अपराध की आय से अर्जित की गई थी। ईडी अपराध की आय के असली लाभार्थी का पता लगा रही है।अवैध कोयला खनन व चोरी से जुटाए गए धन की लांड्रिंग में शामिल अन्य व्यक्तियों व संस्थाओं की पहचान के लिए जांच जारी है।

