पुंछ । भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर एक सफल आतंकवाद-रोधी अभियान चलाया। इस अभियान को ‘ऑपरेशन शिवशक्ति’ नाम दिया गया है। इस ऑपरेशन में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया है, जो सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। इस ऑपरेशन में तीन हथियार भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की सटीक और समन्वित खुफिया जानकारी के आधार पर की गई।

व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। एक्स पोस्ट में लिखा है, “हमारी सतर्क सेना ने सटीक टारगेट के साथ त्वरित कार्रवाई से आतंकियों के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया।” यह अभियान बुधवार सुबह शुरू हुआ और अभी भी जारी है। सेना ने बताया कि यह ऑपरेशन उनकी अपनी खुफिया इकाइयों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के समन्वय से संचालित किया गया, जिसके कारण यह सफल रहा।

इससे पहले, सोमवार को जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन में 3 आतंकवादियों को मार गिराया था। इन आतंकियों में एक लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर सुलेमान भी शामिल था। इसके अलावा, दो अन्य आतंकी, अफगान और जिब्रान भी लश्कर के ‘ए’ ग्रेड के आतंकवादी थे। आतंकी सुलेमान पहलगाम और गगनगीर आतंकी हमले में लिप्त था। भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत इन तीन आतंकियों को ढेर किया। लोकसभा में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जानकारी दी कि इन तीनों आतंकवादियों ने ही पहलगाम की घटना को अंजाम दिया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version