
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए तीन अगस्त को सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को बंद रखने का निर्देश दिया है।



मौसम विभाग ने राज्य के ज्यादातर जिलों में तीन अगस्त को भी लगातार तेज हवा चलने और भारी बारिश होने का पूवार्नुमान जताया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मौसम के रुख को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से तीन अगस्त 2024 को राज्य भर के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को बंद रखने का निर्देश दिया है। वहीं राज्य में संचालित सभी प्रकार के विद्यालय (सरकारी एवं निजी) के 12वीं तक की कक्षाएं भी बंद रखने का निर्णय किया गया है।
झारखंड में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि कल से बारिश हो रही है, इसका अनुमान पहले ही लगाया गया था। कल देर शाम लो प्रेशर, साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से बारिश हो रही है। इसी कारण अगले 24 घंटे में कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रांची के साथ-साथ गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग और गुमला में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार को कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, बीते दिनों हुई बरसात के चलते कई जगहों पर जलभराव और जाम की समस्या पैदा हो गई। मौसम वैज्ञानिक ने लोगों से अपील की है कि जिन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहां अति आवश्यक न हों तो घर से बाहर न निकलें, क्योंकि तेज बारिश के दौरान कई बार पेड़ भी गिरते हैं और बिजली भी चली जाती है। उन्होंने कहा, घर में रहें, सुरक्षित रहे। मौसम में जैसे ही कुछ परिवर्तन होता है, इसकी जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में निचले इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। इसलिए, जलभराव के दौरान घरों से बाहर न निकलें।

