तेहरान। अमेरिका के साथ चल रही तनातनी के बीच ईरान ने कहा है कि होर्मुज शिपिंग रूट पर ओमान के साथ समझौता हो गया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बुधवार को कहा कि तेहरान और मस्कट का एक संयुक्त बयान समीक्षा और अंतिम ड्राफ्टिंग के चरण में है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत पेशेवर तरीके से आगे बढ़ने वाली है और अगर कुछ तीसरे पक्ष इस प्रक्रिया में बाधा न डालें तो समझौता हो जाएगा।ईरान और ओमान के बीच प्रस्तावित समझौते से तेहरान को होर्मुज स्ट्रेट से खाड़ी में एंट्री करने वाले जहाजों पर नियंत्रण मिल जाएगा। बुधवार को ईरान के एक वरिष्ठ सूत्र और क्षेत्र के दो अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह ईरान को अब तक मिली सबसे बड़ी रियायतों में से एक है।

ईरान की मांगों को मानने की दिशा में सूत्रों ने ट्रंप के उन दावों का खंडन किया कि होर्मुज को फिर से खोलने का समझौता जल्द ही होने वाला है। क्षेत्र के एक सूत्र ने रॉयटर्स को बताया, “होर्मुज पर किसी तरह के नियंत्रण को लेकर पहले ही रियायत दी जा चुकी है।”

ट्रंप ने मंगलवार देर रात कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर जल्द ही कोई समझौता हो सकता है। रॉयटर्स के मुताबिक क्षेत्र के एक अन्य सूत्र ने बताया कि कंट्रोल को कैसे परिभाषित किया जाए, इस पर अभी भी कुछ बातें तय होनी बाकी हैं। खाड़ी देशों के वार्ताकार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि जहाजों के निरीक्षण की निगरानी क्षेत्रीय देश करें और फीस का भुगतान स्वैच्छिक हो।

रास्ते से जुड़े नियमों पर सहमति बनी : ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पहले से मौजूद समझौते के मसौदे में यह प्रावधान था कि खाड़ी की ओर जाने वाले जहाजों पर ईरान का नियंत्रण होगा लेकिन एक मुख्य विवाद का विषय यह था कि विपरीत दिशा में जाने वाले जहाजों पर ईरान की क्या भूमिका होगी।

ईरान के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, “बातचीत चल रही है, लेकिन यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि ओमान के साथ कोई डील पक्की हो गई है।” ईरान के एक और अधिकारी ने कहा, “असली पेच बारीकियों में छिपा है। ट्रंप का एक ट्वीट पूरी बातचीत को खत्म कर सकता है।”

वहीं, अमेरिकी अधिकारियों ने बार-बार जोर देकर कहा है कि वे ऐसी कोई भी व्यवस्था कभी स्वीकार नहीं करेंगे जिससे ईरान को ऊर्जा आपूर्ति के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक मार्ग पर नियंत्रण मिल जाए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version