
पटना। बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के घरेलू टूर्नामेंट में गुरुवार को अक्षरा गुप्ता ने अविजित तिहरा शतक जड़ दिया। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में खेली गई महिला अंडर-19 वनडे ट्राफी में कीर्तिमान बनाते हुए अक्षरा ने 55 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 126 गेदों में 242.86 के स्ट्राइक रेट से 306 रनों की नाबाद पारी खेली।
पूर्वी चंपारण की 16 वर्षीय खिलाड़ी की आक्रामक पारी की बदौलत उनकी टीम ए ने टीम सी को 329 रनों से मात दी। सबसे बड़ी पारी के लिहाज से अक्षरा की यह दूसरा उच्चतम रन रहा। इसके पहले मुबंई की इरा गुप्ता ने 346 रन बनाए थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए बीसीए महिला अंडर-19 टीम ए ने निर्धारित 40 ओवर में पांच विकेट पर 450 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पूरे मैच का आकर्षण अक्षरा रहीं।
उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत के साथ टीम सी के गेंदबाजों से खिलवाड़ करना शुरू किया। 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 39 गेंद में शतक ठोक दिया। 59 गेंदों में 150, 89 में 200 और 105 गेंदों में 255 रन बना डाले। प्रतिद्वंद्वी टीम ने कई गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, मगर अक्षरा आउट नहीं हुईं। ओवर खत्म होते-होते उन्होंने 126 गेंदों में विस्फोटक अविजित 306 रन बना डाले।
अक्षरा के अलावा सलोनी कुमारी ने 57 और देविका तिवारी ने अविजित 15 रन बनाए। टीम सी की इकरा खान और मुस्कान को दो-दो तथा नैन्सी को एक विकेट मिला। 451 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए महिला अंडर-19 टीम सी की टीम 21.3 ओवर में 121 रन पर सिमट गई।
श्रुति दास ने 26, मुस्कान वर्मा ने 20 और रिशु ने 14 रनों का योगदान दिया। टीम एक की ओर से मुखरा ने तीन तथा प्राची, साक्षी और लकी को दो-दो एवं संजना को एक विकेट मिला। मैच में कई कीर्तिमान बने। बीसीए के महिला क्रिकेट में 329 रनों से सबसे बड़ी जीत और 450 रन का उच्चतम स्कोर बना।

