
छपरा। एशिया के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडाणी ने कहा कि बिहार की प्रगति के लिए अडाणी सूमह 50-60 हजार करोड़ निवेश करेगा। बिजली, सड़क, शिक्षा, स्कूल और विश्वविद्यालय के क्षेत्र में भी अडाणी समूह कार्य करेगा। सरकार को सहयोग कर बिहार की प्रगति को बढ़ावा देने के लिए जो भी संभव हो किया जाएगा। गौतम अदाणी ने कहा कि यह निवेश बिहार में सड़क, शिक्षा, ऊर्जा, मल्टी मोडल लॉजिस्टिक हब के साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में किया जाएगा। इससे बिहार विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर होगा। बिहार में संसाधन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सड़क एवं औद्योगीकरण की जरूरत है। हर घर में 24 घंटे किफायती दर पर बिजली की जरूरत है। अब बिहार विकसित होगा।रविवार की सुबह करीब 11 बजे सारण जिले के दरियापुर के मस्तीचक स्थित अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में अडाणी पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रस्तावित अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीजेस और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल अदाणी ट्रेनिंग सेंटर फॉर आॅप्थेल्मिक मेडिसिन का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम में भक्ति, सेवा और आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था का अनोखा संगम देखने को मिला।बिहार के सारण में बनने वाला यह अत्याधुनिक संस्थान नेत्र चिकित्सा, रिसर्च और मेडिकल प्रशिक्षण के क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाएगा। यहां मरीजों को आधुनिक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे बिहार सहित पूर्वी भारत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
