रांची। कितनी उम्र है? लाइसेंस है? सामने खड़े विद्यार्थी ने जवाब दिया, लाइसेंस नहीं है। उम्र 15 वर्ष है। एमवीआइ रांची बिमल किशोर ने तत्काल सवाल किया जब लाइसेंस नहीं है तो बाइक कैसे चला रहे हो। अपनी जिंदगी के साथ क्यों खिलवाड़ कर रहे हो? पिता से फोन पर बात कराओ। इसके बाद उन्होंने फोन पर अभिभावक से कहा, आपने अपने बेटे को गाड़ी कैसे दे दी? आप खुद अपने बच्चे के प्रति लापरवाह हैं। गाड़ी को जब्त करिए। माता-पिता के बांड भरने के बाद ही आगे की सुनवाई होगी।

स्कूल के बाहर चला चेकिंग अभियान : सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत परिवहन कार्यालय की टीम ने केराली स्कूल और डीपीएस स्कूल के बाहर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले कम उम्र के 30 विद्यार्थियों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। वहीं पांच वाहनों को जब्त किया गया। विद्यार्थियों को स्पष्ट सलाह दी गई कि लाइसेंस बनने के बाद ही वाहन चलाएं।

पांच सीटर वैन में 12 से 14 बच्चे : अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले स्कूल वैन चालकों को भी चेतावनी दी गई। जांच में ऐसे वाहन मिले, जिनमें क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था। पांच सीटर वाहनों में 12 से 14 विद्यार्थियों को बैठाकर घर से स्कूल और स्कूल से घर ले जाया जा रहा था। परिवहन विभाग ने चालकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधान किया।

सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई : अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े बड़े और छोटे वाहनों पर जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा वाहनों के कागजात की भी जांच की गई। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version