
कोलकाता। जमशेदपुर के प्रसिद्ध होटल व्यवसायी निखार सबलोक की हत्या के मामले में झारखंड पुलिस ने कोलकाता पुलिस के एक ट्रैफिक सार्जेंट और एक महिला सिविक वालंटियर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए कोलकाता पुलिस कर्मियों की पहचान बेलेघाटा ट्रैफिक गार्ड के सार्जेंट अयन गुप्ता और महिला सिविक वालंटियर ट्विंकल दास (पिंकल दास) के रूप में हुई है। झारखंड पुलिस की एक विशेष जांच टीम ने कोलकाता के पुलिस मुख्यालय, लालबाजार में इन दोनों से लंबी पूछताछ की। पूछताछ में सहयोग न करने और संतोषजनक जवाब न मिलने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया। उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड ले जाने की तैयारी की जा रही है। जमशेदपुर के ‘होटल क्रिस्टल’ के 37 वर्षीय मालिक निखार सबलोक की 24 अगस्त, 2026 को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एनएच-33 पर एक रिसॉर्ट के बाहर शूटरों (कॉन्ट्रैक्ट किलर्स) द्वारा अंधाधुंध गोलियां चलाकर हत्या कर दी गई थी।जांच के दौरान पुलिस ने जब गिरफ्तार शूटरों और संदिग्धों के मोबाइल कॉल डिटेल्स (उऊफ) खंगाले, तो उसमें कोलकाता पुलिस के सार्जेंट और सिविक वालंटियर के फोन नंबर मिले। शुरूआती जांच के अनुसार, इन दोनों पर आरोप है कि वे मुख्य शूटरों और हत्या के कथित मास्टरमाइंड के संपर्क में थे और उन्होंने आरोपियों को कथित तौर पर पनाह (संरक्षण) देने में मदद की थी।इस मामले में प्रोफेशनल किलर्स सहित अब तक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हत्या की मुख्य वजह करोड़ों रुपये की जमीन का विवाद और आपसी दुश्मनी मानी जा रही है




