
रांची। राज्य के चार लोकसभा क्षेत्रों रांची, जमशेदपुर, धनबाद और गिरिडीह में शनिवार शाम पांच बजे तक हुई वोटिंग में कुल 61.41 फीसदी मतदान हुआ। गिरिडीह में सर्वाधिक 64.75 फीसदी तो सबसे कम रांची से 58.73 फीसदी मतदान हुआ। धनबाद में 58.90 और जमशेदपुर में 64.30 फीसदी मतदान हुआ।




अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा पत्रकारों से बातचीत में बताया कि गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 64.75 फीसदी मतदान हुआ। इस लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिसमें सबसे अधिक मतदान टुंडी विधानसभा क्षेत्र में 68.16 फीसदी जबकि सबसे कम बाघमारा में 60.03 फीसदी हुआ है। इसी तरह बेरमो में 62.75, डुमरी में 68.19, गिरिडीह में 63.71 और गोमिया में 65.50 मतदान हुआ। इस लोकसभा सीट से आजसू के चंद्र प्रकाश चौधरी, झामुमो के मथुरा प्रसाद महतो और जेबीकेएसएस के जयराम महतो आमने-सामने हैं।

रांची में 58.73 फीसदी मतदान : रांची लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम 58.73 फीसदी मतदान हुआ। इस लोकसभा सीट में भी छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिसमें सबसे अधिक मतदान सरायकेला के ईचागढ़ में 75.96 फीसदी जबकि सबसे कम कांके में 54.61 फीसदी हुआ है। रांची में 54.90, हटिया में 55.00, खिजरी में 57.01 तथा सिल्ली में 62.45 फीसदी मतदान हुआ। इस लोकसभा सीट पर भाजपा के संजय सेठ, कांग्रेस की यशस्विनी सहाय आमने-सामने हैं। चुनाव मैदान में जेबीकेएसएस के देवेंद्र महतो भी हैं।

धनबाद में 58.90 फीसदी मतदान : धनबाद लोकसभा सीट पर 58.90 फीसदी लोगों ने मतदान किया है। सबसे अधिक 70.50 फीसदी वोटिंग चंदनक्यारी विधानसभा क्षेत्र में हुई है जबकि सबसे कम बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 49.50 फीसदी वोटिंग हुई है। इसी तरह धनबाद में 54.43, झरिया में 54.49, निरसा में 65.55 तथा सिंदरी में 68.16 फीसदी वोटिंग हुई। धनबाद झारखंड की ऐसी एकमात्र सीट है, जहां से तीनों जेंडर चुनाव मैदान में हैं।
जमशेदपुर में 64.30 फीसदी मतदान : जमशेदपुर में भी अच्छी खासी वोटिंग हुई है। शाम पांच बजे तक चले मतदान में इस लोकसभा क्षेत्र में 64.30 फीसदी मतदान हुआ। सबसे अधिक पोटका में 70.70 फीसदी वोटिंग हुई। बहरागोड़ा में 70.25 फीसदी, घाटशीला में 68.16 फीसदी, जमशेदपुर पूर्वी में 56.66, जमशेदपुर पश्चिमी में 56.34 फीसदी और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में 67.59 फीसदी मतदान हुआ। इस सीट से भाजपा की टिकट पर विधुतवरण महतो और झामुमो के समीर मोहंती आमने-सामने हैं।

