
रांची। रांची लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ ने कहा कि देश कांग्रेस वाली कमजोर, डरपोक और अस्थिर सरकार बिल्कुल नहीं चाहता है। देश 56 इंच के सीने वाला प्रधानमंत्री चाहता है, जिसका नाम नरेन्द्र दामोदर दास मोदी है। सेठ ने मंगलवार को रांची के विभिन्न क्षेत्रों हाई टेंशन, नामकुम, आरा गेट, तुपुदाना, गांधीनगर में जनसंपर्क अभियान के दौरान यह बात कही।



सेठ ने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पद की गरिमा और विश्वसनीयता के साथ समझौता किया। प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाले बोर्ड के सीईओ के रूप में कार्य किया। सारे फैसले सोनिया गांधी लेने लगीं। डॉ मनमोहन सिंह कभी भी स्वाभाविक नेता और नीति निर्धारण करने वाले नेता नहीं बन सके। इस कारण मंत्रियों पर प्रधानमंत्री का अंकुश नहीं रहा और कांग्रेस के मंत्रियों ने जमकर देश में घोटाला किया और देश के पैसे को लूट लिया।
सेठ ने कहा कि आजाद भारत की सबसे भ्रष्टतम सरकार 10 साल यूपीए की चली। देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। यूपीए के 10 वर्षों के कार्यकाल में आर्थिक विकास के सभी आधारों को नष्ट कर दिया लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन में सही नीति निर्धारण के कारण कोई भी योजना की स्वीकृति बिना देर किए तुरंत हो रही है। इसलिए देश के विकास और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के लिए 25 तारीख को कमल निशान पर बटन दबाकर भारी मतों से विजय बनावें।

