
पटना। आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कर रहे निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने दो सरकारी अधिकारियों से जुड़े बैंक लॉकरों की तलाशी ली, जिसमें 1.45 करोड़ रुपये के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण मिले हैं। इनमें हाजीपुर सदर के तत्कालीन अंचलाधिकारी (सीओ) अंजय कुमार राय की बेटी और मधुबनी पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा का लॉकर शामिल है।



आठ नवंबर को दीपावली के दिन पांच लाख रुपये रिश्वत लेते पटना स्थित आवास से गिरफ्तार किए गए अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा के लॉकर से 1,143 ग्राम सोने के आभूषण मिले, जिनकी कीमत करीब 1.26 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण तथा 72 ग्राम चांदी के गहने भी मिले। उन पर सड़क निर्माण की दो योजनाओं के करीब 6.50 करोड़ रुपये के बकाये भुगतान के बदले 19.50 लाख रुपये कमीशन मांगने का आरोप है।
209.9 ग्राम सोने के आभूषण : वहीं, दूसरी कार्रवाई एसबीआई की अलंकार पैलेस, बोरिंग रोड शाखा में हुई। आरोपित सीओ अंजय कुमार राय की अविवाहित बेटी इशिका राय के खाते से जुड़े लॉकर को खोला गया। इसमें 209.9 ग्राम सोने के आभूषण मिले, जिनकी कीमत 16.55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 210 ग्राम चांदी के आभूषण और चांदी के 49 सिक्के भी बरामद हुए। इनकी कीमत क्रमश: 20,160 और 58,800 रुपये है। निगरानी ब्यूरो अब बरामद आभूषणों की खरीद, उनके स्रोत और धन के लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगा। अधिकारियों और उनके परिजनों की आय तथा संपत्ति का भी मिलान किया जाएगा।

