
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने अर्जुन मुंडा की दिवंगत माता स्वर्गीय सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत सायरा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।



इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य और हिम्मत बनाए रखने का संबल दिया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री के जमशेदपुर आगमन को लेकर घोड़ाबांधा स्थित हेलीपैड पर प्रशासन की ओर से आवश्यक सुरक्षा एवं स्वागत की व्यवस्था की गई थी। हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। इस मौके पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का स्वागत करने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं का संचालन किया।

