
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है। यह विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।



प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि संविधान दिवस के पावन अवसर पर बाबासाहेब अंबेडकर और संविधान सभा की सभी महान विभूतियों को उनका नमन है। उन्होंने कहा कि संविधान के रूप में देश को मिली यह अमूल्य विरासत भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने संस्कृत के एक सुभाषित के माध्यम से संविधान निर्माताओं के सामूहिक चिंतन और दूरदर्शिता को भी रेखांकित किया। उन्होंने प्रसिद्ध नीति ग्रंथ ‘पंचतंत्र’ के श्लोक को साझा करते हुए बताया कि विद्वानों द्वारा आपसी विचार-विमर्श और गहन चिंतन के बाद निर्धारित की गई नीतियां कभी नष्ट नहीं होतीं।
दरअसल, 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान पूरे देश में लागू हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
गौरतलब है कि वर्ष 2015 से प्रत्येक साल 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर संविधान दिवस मनाने की राष्ट्रीय स्तर पर पहल की थी। इससे पहले वर्ष 2009 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्होंने राज्य में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 19 नवंबर 2015 को 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की अधिसूचना जारी की थी। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवैधानिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना और देश के लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करना है।

