
नयी दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तमिलनाडु में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कार्तिकेय दीपम न जलाए जाने पर राज्य की कांग्रेस समर्थित सरकार को भाजपा ने आड़े हाथों लिया है। इसे संविधान और न्यायालय का अपमान बताने के साथ ही सारे घटनाक्रम को विपक्षी गठबंधन के सनातन विरोधी और हिंदू विरोधी सोच से प्रेरित बताया। भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने इस मामले पर विशेष तौर पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आईएनडीआई गठबंधन में कांग्रेस अपने आप को सपा से बड़ा हिंदू विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही है। साथ ही सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस या उसके गठबंधन के साथियों में हिम्मत है कि किसी दूसरे मजहब के धार्मिक आयोजन को वे रोक सकें?



भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कार्तिकेय दीपम प्रज्वलित करने के मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने कुछ शर्तों के साथ इसे केवल एक दिन के लिए प्रज्वलित करने का निर्णय दिया था, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के इस निर्णय का पालन नहीं किया। कहा कि आईएनडीआईए, कांग्रेस और राहुल गांधी हमेशा संविधान को अपनी जेब में रखने का प्रयास करते हैं, लेकिन अब जब सर्वोच्च न्यायालय ने संविधान के संरक्षक के रूप में अपना निर्णय दिया है तो उसका सम्मान करने और उसे लागू करने के लिए तैयार नहीं हैं। स्वयं को संविधान की रक्षा का अग्रदूत बताने वालों द्वारा संविधान के प्रति अवमानना का यह एक गंभीर और निंदनीय उदाहरण है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम आइएनडीआइए की उस खतरनाक सोच और मंशा से प्रेरित है, जिसे सनातन धर्म के उन्मूलन से जोड़ा जा सकता है।

