
रांची। झारखंड स्थापना दिवस समारोह और राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की वर्षगांठ के अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा। 28 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों से लेकर डीएसपी, दारोगा और आरक्षियों तक को उनके उत्कृष्ट कार्य और सराहनीय योगदान के लिए पदक प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने 21 नवंबर को आधिकारिक आदेश जारी किया है।



जारी आदेश के अनुसार, पुलिसकर्मियों को दो श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इनमें वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं। वीरता पदक के लिए चयनित अधिकारियों की सूची में दो आईपीएस अधिकारियों नरेंद्र कुमार सिंह और राकेश रंजन के नाम शामिल हैं।
नरेंद्र कुमार सिंह वर्तमान में झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें JCM-2024 के तहत वीरता पदक के लिए चुना गया है। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को भी JCM-2024 के तहत वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा।
सराहनीय सेवा पदक के लिए छह IPS अधिकारी चयनित
सराहनीय सेवा पदक की सूची में भी कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को जगह मिली है। इनमें असीम विक्रांत मिंज, अनीशा गुप्ता, राज कुमार महता, दीपक कुमार शर्मा, मुकेश कुमार और दीपक कुमार पांडेय के नाम शामिल हैं।
डीएसपी रैंक के अधिकारियों को भी मिलेगा वीरता पदक
वीरता पदक के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों में डीएसपी रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें नीरज कुमार और प्रकाश सोय के नाम प्रमुख हैं। नीरज कुमार वर्तमान में हटिया, रांची में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वे एटीएस में कार्यरत थे। वहीं, प्रकाश सोय वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के पद पर पदस्थापित हैं। इससे पहले वे कोतवाली थाना, रांची में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। दोनों अधिकारियों को JCM-2023 और JCM-2024 की सूची के तहत वीरता पदक के लिए चयनित किया गया है।
दारोगा और आरक्षियों के नाम भी सूची में शामिल
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूची में पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) और आरक्षियों को भी वीरता पदक देने की घोषणा की गई है। इनमें राजीव कुमार भगत, दिव्य प्रकाश, सनोज कुमार चौधरी, सुभाष चंद्र लकड़ा, सोनू कुमार साहू, शंकर प्रसाद कुशवाह, राजबलम कुमार और शिवलाल गुप्ता शामिल हैं। इनके अलावा आरक्षी संख्या 621 प्रकाश कुमार यादव को भी वीरता पदक के लिए चयनित किया गया है।
28 नवंबर को मुख्य समारोह में होगा अलंकरण
पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक, 28 नवंबर 2026 को आयोजित मुख्य समारोह में सभी चयनित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल के जरिए पुलिस विभाग में विभिन्न स्तरों पर कार्यरत अधिकारियों और जवानों की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय सेवाओं को सम्मान दिया जाएगा।

