
पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार को हुई बिहार यात्रा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दलों, खासकर भाजपा और जदयू के बीच तल्खी की चर्चाओं को विराम देने का प्रयास किया। वैशाली जिले के जाफरपट्टी में आयोजित सभा के मंच से प्रधानमंत्री ने अपने हाव-भाव और संबोधन के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि बिहार में एनडीए पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने निशांत की पीठ भी थपथपाई। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में खासा ध्यान खींचा। प्रधानमंत्री के इस व्यवहार को नई पीढ़ी के नेताओं के प्रति स्नेह और सम्मान के संदेश के रूप में देखा गया।उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज पर भी भरोसा जताया। कार्यक्रम का आयोजन एनडीए सरकार की वर्षगांठ के अवसर पर किया गया था, जिसमें सम्राट चौधरी के कार्यकाल के सात महीने भी शामिल हैं।



प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह संदेश दिया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास से जुड़ी नीतियों को सम्राट चौधरी की सरकार पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की प्रशंसा की। नीतीश कुमार के प्रति प्रधानमंत्री के सद्भाव का प्रदर्शन पटना एयरपोर्ट से ही शुरू हो गया था। यहां दोनों नेताओं की गर्मजोशी से मुलाकात हुई और वे एक-दूसरे के गले मिले।
इसके बाद सभा मंच पर भी प्रधानमंत्री ने जदयू नेताओं के साथ सहजता और आत्मीयता दिखाई। इन मुलाकातों को भाजपा और जदयू के बीच संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना गया। सभा मंच पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा से हाथ मिलाया। इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार उनके पैर छूने के लिए झुके, लेकिन प्रधानमंत्री ने उन्हें ऐसा करने से पहले ही गले लगा लिया।
युवाओं की मौजूदगी पर पीएम ने जताई खुशी : जेन-जी आंदोलन के बाद भाजपा की ओर से युवाओं को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिए जाने की चर्चा के बीच जाफरपट्टी की सभा में युवाओं की अच्छी भागीदारी रही। युवा प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगा रहे थे। प्रधानमंत्री ने भी सभा में युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी पर खुशी जाहिर की। इससे कार्यक्रम में युवा मतदाताओं और नई पीढ़ी को जोड़ने की राजनीतिक कोशिश भी दिखाई दी।

