
रांची। झारखंड राज्य बार काउंसिल के चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। बुधवार को मतदान के बाद घोषित नतीजे में अभय कुमार चतुर्वेदी अध्यक्ष, रिंकू भगत उपाध्यक्ष और प्रशांत कुमार बार काउंसिल आफ इंडिया (बीसीआई) के प्रतिनिधि चुने गए। चुनाव में कुल 26 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के चुनाव में अभय कुमार चतुर्वेदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीलेश कुमार को पांच मतों से पराजित किया। अभय कुमार चतुर्वेदी को 15 वोट मिले, जबकि निलेश कुमार को 10 वोट प्राप्त हुए।इस पद के लिए पड़े मतों में एक वोट अवैध घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। इस पद पर रिंकू भकत ने 10 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव को नौ वोट मिले।वहीं, मधुलता रानी को चार और अनिल कुमार महतो को दो वोट प्राप्त हुए। इस पद के लिए भी एक वोट अवैध घोषित किया गया। बार काउंसिल आफ इंडिया प्रतिनिधि पद के चुनाव में प्रशांत कुमार सिंह ने शानदार जीत दर्ज की।उन्हें कुल 18 वोट मिले। वहीं, मनोज कुमार द्वितीय को सात और संजय कुमार विद्रोही को एक वोट प्राप्त हुआ। इस पद पर प्रशांत कुमार सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले स्पष्ट बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की।




