
रांची: वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए राज्य के 28 अफसर और कर्मियों का चयन किया गया है. इनमें आईजी, डीआईजी, डीसी, डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर से लेकर एएसआई, हवलदार और आरक्षी तक शामिल हैं. इन सभी को विशेष अभियान (स्पेशल ऑपरेशन) के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा. पदक पाने वालों में आईजी जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महथा और डिप्टी कमांडेंट मिथलेश शामिल हैं.



केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गृह मंत्री दक्षता पदक का ऐलान कर दिया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों की सूची में झारखंड के कुल 28 अधिकारियों और जवानों के नाम शामिल हैं. सूची के अनुसार, इन पुलिसकर्मियों ने 22 जनवरी 2026 से 30 जून 2026 के बीच अलग-अलग अभियानों में अपनी जिम्मेदारी निभाई.
पदकों से सम्मानित होने वालों में आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महथा, डीसी मिथिलेश कुमार, डीएसपी ज्ञान रंजन और चंदन कुमार के अलावा इंस्पेक्टर रमेश मुर्मू, अमित रोशन कुल्लू और मनोरंजन प्रसाद सिंह शामिल हैं.
वहीं, सब इंस्पेक्टर अमृत केरकेट्टा, संदीप तिर्की, प्रभात कुमार महतो, गौतम राणा और दीनबंधु हांसदा को भी इस पदक के लिए चुना गया है. इनके अलावा एएसआई लोहरा मुंडा और माधव लाल टोप्पो, हवलदार जालिंद्र साहू तथा आरक्षी ऋषि रंजन, शिव कुमार महतो और फिरदौस अंसारी का नाम भी सूची में शामिल है.

