
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सक्रिय होने का संदेश दिया। उन्होंने संगठन की ताकत बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और विपक्ष के नकारात्मक प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने पर जोर दिया।



मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसकी विशिष्ट पहचान विचारधारा, मूल्य और आदर्श हैं। इन्हीं के लिए कार्यकर्ता मान-अपमान की चिंता किए बिना निष्ठा से काम करता है। जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों से सतर्क करते हुए उन्होंने कहा कि बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं।
योगी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार के कामकाज का लाभ तभी राजनीतिक ताकत में बदलेगा, जब उसकी जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचेगी। उन्होंने जिलाध्यक्षों, विधायकों, जिला व विधानसभा प्रभारियों को सरकार की उपलब्धियों तथा पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलनात्मक पुस्तिकाएं प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

