
रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिले के दुग्धा निवासी एक महिला ने गम्हरिया थाना के एक पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, महिला के उक्त आरोप की पुष्टि नहीं हुई और वरीय पुलिस अधिकारी द्वारा मामले की जांच किया जा रहा है। महिला के अनुसार, बीते गुरुवार की रात करीब 11 बजे पारिवारिक विवाद से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराने वह गम्हरिया थाना पहुंची थी। देर रात होने और पति द्वारा मारपीट किए जाने के भय से वह रात में थाने में ही रुक गई।



पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा उसके साथ जबरदस्ती की गई। इसका महिला विरोध करते हुए उसने शोर मचाया और बचने की कोशिश भी की। इसी दौरान पास में पड़े चाकू को उठाने पर कथित तौर पर पुलिसकर्मी के हाथ में चोट भी लग गई जिससे कमरे और उसके कपड़ों पर खून भी लगा। इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हलचल मची है। ऐसी सूचना है कि बीते शुक्रवार की देर रात गम्हरिया थाना परिसर में एसडीपीओ द्वारा थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बंद कमरे में बैठक भी की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों द्वारा आंतरिक जांच शुरू किए जाने की बात भी सामने आई है। बताया गया कि घटना की सूचना मिलने के बाद सरायकेला एसडीपीओ मामले की जांच कर रहें हैं। फिलहाल जिस पुलिसकर्मी पर आरोप लगाया गया है, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उक्त घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची महिला की सुरक्षा और पुलिसकर्मी पर लगे आरोपों को लेकर मामला गंभीर माना जा रहा है। आगे की कार्रवाई जांच के दौरान महिला के बयान, आरोपी पुलिसकर्मी से पूछताछ, चिकित्सकीय परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही की जाएगी।

