
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के विवादित बयान के खिलाफ भाजपा ने ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ गाना जारी किया है। गाने के जरिए पार्टी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं, क्योंकि उन्हें जनता ने चुना है। गाने के बोल हैं, ‘आंखें झुका लो, कान खोल के सुन लो, मोदी कहीं नहीं जाएगा, मोदी कहीं नहीं जाएगा’।



केंद्रीय मंत्रियों से लेकर भाजपा के शीर्ष नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर के साथ तैयार गाने को सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसमें संबित पात्रा, पीयूष गोयल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत अन्य शामिल हैं।गाने में बार-बार कहा गया है, ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’।
गाने में विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा गया है, तुमने सोचा झुका दोगे, पर शेर नहीं झुकता, जनता का जो साथ है, वह कभी नहीं रुकता। गाने में विपक्ष पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि ‘तुम गाली पे गाली दो, वह काम दिखाता है, सपनों के भारत को वह आगे बढ़ाता है।’

