
वाराणसी। भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित मेगा एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के दूसरे दिन शनिवार को आसमान में शौर्य, साहस और रोमांच का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लड़ाकू विमानों की गर्जना और हैरतअंगेज हवाई करतबों से आसमान गूंज उठा। सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने हवा में तिरंगा फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। गंगा के दोनों किनारों पर स्थित घाटों पर जुटे लोगों ने तालियों और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ वायुसेना के जांबाज पायलटों का उत्साह बढ़ाया।



एयरशो की शुरुआत लड़ाकू हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट के बीच हुई। सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने आसमान में तिरंगे की आकृति बनाकर देशभक्ति का माहौल बना दिया। हेलीकॉप्टरों की सटीक उड़ान और पायलटों के शानदार तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टीम के इस प्रदर्शन की चर्चा सोशल मीडिया पर भी होती रही।
इसके बाद सुखोई-30 एमकेआई और राफेल लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत और फुर्ती का प्रदर्शन किया। तेज रफ्तार से उड़ान भरते विमानों की गर्जना से पूरा इलाका गूंज उठा। राफेल ने आसमान में चील की तरह गोता लगाते हुए रोमांचक करतब दिखाए। विमान की तेज गति, अचानक दिशा बदलने और ऊंचाई पर सटीक नियंत्रण देखकर दर्शक देर तक आसमान की ओर टकटकी लगाए रहे। चिलचिलाती धूप के बावजूद घाटों पर मौजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एयरशो में कुल 100 विमान शामिल हुए। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल है। इन विमानों ने देशभर के 12 वायुसेना अड्डों से उड़ान भरी, जिनमें चेन्नई के निकट स्थित अरक्कोणम का नौसैनिक अड्डा भी शामिल रहा।

