
रांची। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में ऐसे ऐतिहासिक कार्यों को संभव बनाया, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। उनके नेतृत्व में देश ने निर्णय क्षमता, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक गौरव के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।




आज भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मरांडी बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की बैठक आयोजित कर अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न विषयों पर प्रस्ताव पारित किए गए।
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने 13 वर्ष तक गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की है। इस दौरान उनके नेतृत्व में कई ऐतिहासिक और उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। उन्होंने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाए जाने को भी महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके अनुसार, इस कानून से मुस्लिम महिलाओं को राहत मिली।
मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में देशभर में आधारभूत संरचना का विस्तार हुआ है। सड़कों का नेटवर्क बढ़ा, रेलवे कनेक्टिविटी मजबूत हुई और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में काम किया गया। भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, शौचालय निर्माण और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से गरीबों तक सरकारी सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध करा रही है।
मरांडी ने कहा कि देश के कई राज्य उग्रवाद से प्रभावित रहे हैं, जिनमें झारखंड भी शामिल था। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में उग्रवाद लगभग समाप्त हो चुका है और कई क्षेत्रों में शांति स्थापित हुई है। बाबूलाल ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले पाकिस्तान से प्रशिक्षित आतंकवादी भारत में विभिन्न स्थानों पर बम विस्फोट करते थे। लेकिन केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद स्थिति में बदलाव आया है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर अपनी सुरक्षा के प्रति दृढ़ता दिखाई है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे बिरसा मुंडा सहित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।
मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड के विकास पर भी ध्यान दिया है। उनके अनुसार, हजारीबाग और गोड्डा को रेलवे लाइन से जोड़ने, देवघर में एम्स और हवाई अड्डे के निर्माण तथा गंगा नदी पर पुल जैसी परियोजनाओं से राज्य को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में झारखंड में तीन मेडिकल कॉलेज बनाए गए थे। राज्य में सरकार बदलने के बाद भी स्वास्थ्य क्षेत्र की कुछ परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ सकीं और चाईबासा का मेडिकल कॉलेज अधूरा रह गया।
मरांडी ने यह भी कहा कि झारखंड की कई सामाजिक विभूतियों को केंद्र सरकार के कार्यकाल में पद्मश्री और पद्मभूषण जैसे सम्मान दिए गए। उन्होंने शिबू सोरेन को पद्मभूषण से सम्मानित किए जाने का भी उल्लेख किया। प्रेसवार्ता में मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को देश के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
