
जमशेदपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में कुदापी डाउन के पास मंगलवार सुबह ट्रेलर और कार के बीच भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव थाना क्षेत्र के राजनांद गांव निवासी अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया।



जानकारी के अनुसार, परिवार कार से छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर आ रहा था। जमशेदपुर में उनके रिश्तेदार रहते हैं। परिवार के किसी सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे फाटक खुलने के बाद ओवरटेक करने के दौरान कार सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों गंभीर घायलों को जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

