
वैश्विक तेल संकट के लिए जेलेंस्की को ठहराया जिम्मेदार, रूस की रिफाइनरियों पर हमले रोकने की दी सलाह



वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अब यूक्रेन में राष्ट्रपति बदलने का समय आ गया है। उन्होंने यूक्रेन में चुनाव कराने की जरूरत पर जोर देते हुए वैश्विक तेल संकट के लिए भी जेलेंस्की की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है और दोनों देशों की ऊर्जा सुविधाएं संघर्ष के केंद्र में बनी हुई हैं।
रूसी समाचार एजेंसी टास की रिपोर्ट के अनुसार, टेनेसी से व्हाइट हाउस लौटते समय वॉशिंगटन के निकट एंड्रयूज एयर फोर्स बेस पर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन में चुनाव होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की इस मामले का समाधान कई बार निकाल सकते थे, इसलिए अब चुनाव कराने का समय है।
इससे पहले शनिवार को भी ट्रंप ने यूक्रेन में नेतृत्व परिवर्तन की जरूरत बताई थी। उनके इस बयान को जेलेंस्की के नेतृत्व और यूक्रेन की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर अमेरिकी प्रशासन के कड़े रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
रूस की रिफाइनरियों पर हमलों से नाराज ट्रंप
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने रूस की तेल रिफाइनरियों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की अपनी मर्जी से कदम उठा सकते हैं, लेकिन उन्हें ऐसे फैसले नहीं लेने चाहिए जिनका असर पूरी दुनिया पर पड़े।
ट्रंप ने डीजल ईंधन की रिफाइनिंग क्षमता की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया पहले से ही इस क्षेत्र में चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में रूस की रिफाइनरियों पर हमले वैश्विक ऊर्जा संकट को और गंभीर बना सकते हैं। उन्होंने जेलेंस्की से ऐसी कार्रवाई तत्काल रोकने की अपील की।
ऊर्जा ठिकानों पर हमले युद्ध की रणनीति का हिस्सा
यूक्रेन रूस की ऊर्जा सुविधाओं और तेल रिफाइनरियों पर हमलों को युद्ध के दौरान रूसी अर्थव्यवस्था और सैन्य क्षमता को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा मानता है। वहीं, ट्रंप की ताजा टिप्पणी से इस मुद्दे पर अमेरिका और यूक्रेन के बीच नीतिगत मतभेद उजागर हुए हैं।
ट्रंप का बयान यूक्रेन के लिए कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, यूक्रेन में राष्ट्रपति चुनाव और नेतृत्व परिवर्तन को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

