
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पथ निर्माण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में हर वार्ड में वेंडर मार्केट के निर्माण के साथ-साथ सड़कों से अनावश्यक कट को हटाने का निर्देश दिया। इस दौरान रांची शहर को व्यवस्थित, सुगम एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। शहर के रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, विभिन्न पार्कों, चौक-चौराहों, यातायात व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम तथा चल रही विकास परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही रांची के मास्टर प्लान एवं आगामी वर्षों के लिए विकास की कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक एवं समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। विकास का दायरा केवल रांची शहर तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए।



सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज की भी व्यवस्था हो : मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण की योजनाओं में जल निकासी की समुचित व्यवस्था को सड़क निर्माण का अभिन्न हिस्सा मानते हुए कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर सुव्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से ड्रेनेज सिस्टम विकसित की जाए तथा सड़क एवं ड्रेनेज की पूरी संरचना को एकीकृत रूप से डिजाइन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ड्रेनेज सिस्टम को सड़क की संरचना के अनुरूप पर्याप्त चौड़ाई एवं आवश्यक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में सड़क के किनारे अनियोजित निर्माण अथवा अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर ड्रेनेज एवं पैदल आवागमन सहित आवश्यक सुविधाओं के लिए पर्याप्त स्थान का प्रविधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त जगह का प्रावधान किया जाना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रेनेज सिस्टम केवल सड़क निर्माण के बाद की व्यवस्था न हो, बल्कि सड़क निर्माण की मूल परियोजना एवं डिजाइन का अनिवार्य हिस्सा हो।
वेंडर्स के लिए व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करें : मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे ठेला, गुमटी एवं अन्य स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका चलाने वाले वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी वेंडर्स को चिह्नित करते हुए उनके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुरूप वेंडर मार्केट विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए, ताकि सड़क किनारे अनियोजित तरीके से लगने वाले बाजार एवं दुकानों के कारण होने वाले जाम और भीड़ की समस्या को कम किया जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर विशेष जोर : मुख्यमंत्री ने रांची शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने शहर में संचालित सभी बसों की संख्या, उनके रूट एवं समय-सारणी का समुचित डेटा तैयार करने को कहा। ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके और अनावश्यक भीड़ एवं यातायात दबाव को कम किया जा सके। उन्होंने शहर की सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिह्नित कर उन्हें बंद करने तथा वाहनों के लिए निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक कट के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था बाधित होती है। उन्होंने सड़क किनारे लटकते तार एवं अव्यवस्थित केबल को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि नए केबल एवं अन्य संचार तार बिछाने के दौरान भी निर्धारित मानकों एवं तकनीकी प्रविधानों का पालन किया जाए। सड़कों के किनारे बार-बार खुदाई की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों एवं संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर एक समेकित व्यवस्था विकसित की जाए। मुख्यमंत्री ने पेड़ों पर अनावश्यक रूप से लटक रहे तारों को हटाने तथा पेड़ों एवं हरित क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाए बिना उपयोगी तारों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से लगाने का निर्देश दिया।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को चिह्नित कर कार्रवाई करें : मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण एवं अनियोजित वेंडिंग की समस्या का समाधान करते हुए संबंधित लोगों के लिए वैकल्पिक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहे और लोगों की आजीविका भी प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची सहित राज्य के अन्य शहरों के विकास की योजना बनाते समय शहरी नियोजन, सड़क नेटवर्क, यातायात, ड्रेनेज, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, वेंडर व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, पार्क एवं हरित क्षेत्र सहित सभी आवश्यक पहलुओं को समग्र रूप से शामिल किया जाए। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।

