
रांची। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर मंगलवार को कोयलांचल के सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल बरका-सयाल महाप्रबंधक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को महाप्रबंधक के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान, सांसद प्रतिनिधि सतीश मोहन मिश्रा, दूरसंचार विभाग के सांसद प्रतिनिधि योगेश दांगी, मंडल महामंत्री ज्योति सिंह, एससी मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष जुगल नायक, सौंदा डी मुखिया उपेंद्र शर्मा, पंचायत समिति प्रतिनिधि डब्लू पांडेय, उत्तरी छोटानागपुर पश्चिम प्रमंडल सोशल मीडिया प्रभारी संतोष शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता बीनू भगत एवं राजू मल्होत्रा शामिल थे।



प्रतिनिधिमंडल ने बिजली, पेयजल, जर्जर स्टाफ क्वार्टर तथा कॉलोनियों में व्याप्त कचरे की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पेयजल की समस्या के कारण सयाल टिपला, रिवर साइड, सेंट्रल सौंदा, सीसीएल सौंदा, भुरकुंडा एवं लपंगा क्षेत्र के लोग प्रभावित हैं। पिछले कई वर्षों से बिजली की समस्या के कारण जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इस समस्या के स्थायी समाधान को लेकर महाप्रबंधक से विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा सीसीएल के जर्जर हो रहे स्टाफ क्वार्टरों की जल्द मरम्मत कराने तथा बरका-सयाल क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में नियमित रूप से कचरे का उठाव एवं निष्पादन कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि समय पर कचरे का निष्पादन नहीं होने के कारण कॉलोनियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर महाप्रबंधक ने संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों को बुलाकर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
उन्होंने आश्वासन दिया कि लगभग एक सप्ताह के भीतर बिजली की समस्या को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा। बिजली व्यवस्था में सुधार के बाद करीब दस दिनों के अंदर पेयजल समस्या को भी दूर करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। महाप्रबंधक ने पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर समरसेबल लगाने की बात भी कही, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके। वहीं, जर्जर स्टाफ क्वार्टरों की मरम्मत बरसात के बाद कराने का आश्वासन दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक के आश्वासन की जानकारी हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल को देने की बात कही तथा उम्मीद जताई कि संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

