
रांची । झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा को लेकर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। इस बीच बुधवार को सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष गंगवार से राजभवन जाकर मुलाकात की। मुलाकात संतोष गंगवार के दिल्ली में पीएम मोदी और अमित शाह से मिलकर लौटने पर हुई। मुलाकात के दौरान सीएम हेमंत ने राज्यपाल को छात्रों के आंदोलन की जानकारी दी।



इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी की तरह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ‘राजधर्म’ याद दिलाया। राज्यपाल ने सीएम से कहा कि छात्रों का हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और युवाओं के विश्वास को बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने कथित अनियमितताओं को अत्यंत गंभीर विषय बताते हुए कहा कि आयोगों का कार्य इस प्रकार होना चाहिए कि उनकी पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे।
इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, वो सुनिश्चित की जाएगी।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार के दरवाजे हमेशा सभी के लिए खुले रहते हैं। जिन छात्रों या अभ्यर्थियों की कोई भी मांग या सुझाव है, वे अपनी बात राज्य सरकार के समक्ष रख सकते हैं। मेरे युवा साथियों की प्रत्येक बात को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा।
राज्यपाल से सीएम हेमंत की मुलाकात के बाद जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों से बातचीत के लिए राज्य सरकार तैयार हो गई। इस संबंध में राज्य सरकार के प्रस्ताव को लेकर एसडीओ और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों से उनकी मांगों को जाना।

