
रांची। जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में भारी धांधली और पेपर लीक जैसे मामलों की सीबीआई जांच के लिए भाजपा सांसदों ने शुक्रवार को संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मौन उपवास किया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ उनकी हर लड़ाई में साथ है। साहू ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के समर्थन में शनिवार को झारखंड के सभी 24 जिलों में धरना कार्यक्रम की घोषणा की गई है।



साहू ने कहा कि राज्य में पिछले छह वर्ष से जब से कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है, तब से जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में भारी गड़बड़ी हुई है। इस बार भी 14वीं जेपीएससी परीक्षा में भारी गड़बड़ी हुई है। कांग्रेस के समर्थन से चल रही इस सरकार के द्वारा प्रत्यक्ष रूप से शामिल होकर युवाओं के रोजगार को छीना जा रहा है।
केंद्र सरकार द्वारा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 बिल के पारित होने पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों द्वारा विरोध के सवाल पर साहू ने कहा कि कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों के मन में ही चोर है।
वे जनता की आवाज को हर हाल में दबाना चाहते हैं, लेकिन देश की जनता, देश के छात्र, युवा कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों को नकार चुके हैं। इस दौरान आदित्य साहू के अलावा बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जयसवाल, कालीचरण सिंह भी उपस्थित रहे।

