
इस्लामाबाद । पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चरमपंथियों ने एक पुलिस चेकपोस्ट पर बड़ा हमला किया है। इस हमले में एक डीएसपी समेत कम से कम 7 पुलिसकर्मी मारे गए हैं, जबकि लगभग 2 दर्जन घायल हुए हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि जवाबी कार्रवाई में 8 चरमपंथियों को मार गिराया गया है। यह हमला अफगानिस्तान की सीमा से सटे खैबर पख्तूनख्वा (KP) के हंगू जिले में खजिना बांदा पुलिस चेकपोस्ट पर हुआ। पुलिस ने बताया कि घायल अधिकारियों में कुछ की हालत स्थानीय अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।



पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट जिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस मुठभेड़ में DSP मुजाहिद हुसैन समेत कम से कम 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जिला पुलिस अधिकारी तारिक हबीब ने आउटलेट को बताया कि जवाबी कार्रवाई में 8 आतंकवादी मारे गए, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया है।
अभी तक किसी गुट ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, तहरीक-ए-तालिबान (TTP) पर शक किए जाने की संभावना है, जिसने हाल के महीनों में केपी में सुरक्षाबलों पर हमले तेज किए हैं। इस गुट को पाकिस्तानी तालिबान भी कहा जाता है।

