
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में अनियमितता मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव सह जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को नोटिस जारी किया है।



सीआइडी ने नोटिस के माध्यम से उन्हें मंगलवार को पूछताछ के लिए सीआइडी मुख्यालय बुलाया है। सीआईडी पिछले तीन दिनों से पूर्व में गिरफ्तार पांच आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
इन आरोपितों में जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता के अलावा परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी व दोनों तकनीकी प्रोग्रामर उस्मान व एबाद शामिल हैं। ये पांच दिनों की रिमांड पर हैं।
तीन दिनों की पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर सीआईडी ने पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से पूछताछ करना अनिवार्य समझा और इसी उद्देश्य से उन्हें समन किया गया है। बताते चलें कि सीआईडी जांच शुरू होने के बाद खियांग्ते ने जेपीएससी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।

