
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबके साथ न्याय की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम पूरा किया।
सीएम ने कहा कि अब सरकार 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा दे रही है। सरकार लाभ देने में किसी के साथ भेदभाव नहीं करती।



उन्होंने कहा कि विपक्ष के सबसे बड़े नेता तेजस्वी यादव को भी 125 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है। मुख्यमंत्री गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ के समर्थन में बुद्ध मार्ग स्थित स्काउट एंड गाइड परिसर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने प्रत्याशी अभिषेक को लंबे समय से संगठन में काम करने वाला कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष और प्रदेश युवा मोर्चा उपाध्यक्ष के रूप में काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में समृद्ध बिहार का लक्ष्य लेकर एनडीए आगे बढ़ रहा है। दावा किया कि पिछली बार जिस तरह एनडीए ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की थी, उसी तरह बांकीपुर उपचुनाव में भी भारी बहुमत मिलेगा। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद गरीबों के लिए अपेक्षित काम नहीं हुए। वहीं मोदी और नीतीश सरकार ने बिहार में एक करोड़ से अधिक पक्के मकान उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि दलित, आदिवासी, पिछड़े, अति पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लोगों के लिए भी केंद्र सरकार ने कई फैसले लिए हैं, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण भी शामिल है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना में मरीन ड्राइव का विस्तार तेजी से हो रहा है। 26 किलोमीटर मरीन ड्राइव बन चुकी है और अब करीब 139 किलोमीटर नए हिस्से के निर्माण की तैयारी है।

