
पटना। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) की परियोजना समाशोधन समिति की बुधवार को हुई बैठक में 16 औद्योगिक इकाइयों और होटल के सात प्रस्ताव के लिए बुधवार को 31.78 एकड़ भूमि आवंटित की गई। प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से बिहार में 992.63 करोड़ के निवेश का अनुमान है। इससे लगभग 3146 लोगों के लिए रोजगार का सृजन होगा। प्रस्तावित होटल फोर और फाइव स्टार हैं। बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आएडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि बियाडा के माध्यम से पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के अंतर्गत निवेशकों को औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।



सुदृढ़ अवसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम प्रक्रियाएं एवं नीतिगत सहयोग के माध्यम से निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि परियोजनाओं का त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
स्वीकृत औद्योगिक इकाइयों में अमूल डेरी, शिव दुर्गा एग्रो, मूगी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स एमएसक्यू क्लाथिंग एलएलपी, मेसर्स बंका इंडस्ट्रीज, आनेस्टीटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स श्रीजी रूफिंग, सियाराम फूड इंडस्ट्रीज, मेसर्स ज्योति प्रिंटिंग वर्क्स, मेसर्स राजरानी टेक्स्टाइल्स, मेसर्स ओम मंगलम् और मेसर्स लाइफडे बेकर्स प्राइवेट लिमिटेड सम्मिलित हैं। मेसर्स सिवमिल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स एमसीएस इंडिया लिमिटेड, मेसर्स मां मुंडेश्वरी एग्रो मिल प्राइवेट लिमिटेड आदि कंपनियां से होटल के प्रस्ताव हैं।
स्वीकृत परियोजनाएं: खाद्य प्रसंस्करण, राइस मिल, पीईबी स्ट्रक्चर निर्माण, स्टील रूफिंग शीट निर्माण, गारमेंट्स, काटन विक एवं अगरबत्ती निर्माण, करुगेटेड पेपर तथा जनरल मैन्युफैक्चरिंग आदि हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के औद्योगिक आधार को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा।

